संकल्प से समाधान अभियान के जरिए घर-घर पहुँच रहा प्रशासन।
बड़वानी ।जिले के पात्र हितग्राहियों को शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में संकल्प से समाधान अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना और ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है।
अभियान की मुख्य गतिविधियाँ और प्रगति
1.डोर-टू-डोर सर्वे- नगर पालिका परिषद सेंधवा के वार्ड क्रमांक 13 व 14 और नगर पालिका परिषद बड़ी के वार्ड 2, 5, 10, 14, 24 में दल के सदस्यों ने घर-घर दस्तक दी। इस दौरान पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उनके आवेदन और शिकायतें मौके पर ही दर्ज की गईं।
2.ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रियता- जनपद पंचायत पानसेमल की ग्राम पंचायत दोदवाड़ा, निवाली की ग्राम पंचायत बड़गाँव, पुरुषखेड़ा, मोगरीखेड़ा, जामन्या और राई में सर्वे कार्य सुचारू रूप से जारी है। दल के सदस्य घर-घर जाकर सेवाओं से संबंधित आवेदन एकत्रित कर रहे हैं। साथ ही जनपद पंचायत पानसेमल सीईओ द्वारा आयोजित शिविरों का निरीक्षण भी किया गया
3.बुजुर्गों को विशेष प्राथमिकता- पानसेमल की टीम ने दोंदवाड़ा में विशेष रूप से बुजुर्गों के घर पहुँचकर उनकी पेंशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना एवं उचित निराकरण हेतु आवेदन एकत्रित किए।
4.जागरूकता और निराकरण- नगर परिषद पलसूद, निवाली और खेतिया में सर्वे दल न केवल आवेदन ले रहे हैं, बल्कि ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।
बड़वानी/संजय बामनिया की रिपोर्ट

