300 प्रतिभागियों और 60 टीमों के बीच द्वितीय उपविजेता बनकर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की।
बड़वानी। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय बड़वानी के प्रभारी प्राचार्य कुन्दन राठोर द्वारा दी गई जानकारी अनुसार 8 और 9 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित प्रथम एआइ विद्या सेतुहैकथॉन 1.0 में दो चरणों को पार कर तीन सौ प्रतिभागियों और साठ टीमों के मध्य द्वितीय उपविजेता बनकर पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय बड़वानी की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की । पुरस्कार स्वरूप टीम को आयआयटी दिल्ली की ओर से शील्ड, प्रमाण पत्र और 10 हजार की राशि भेंट की गई । श्री राठोर ने बताया कि विद्यालय ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर बड़वानी शहर का नाम रोशन किया, जबकि विज्ञान और टेक्नोलॉजी के मामले में बड़वानी एक पिछड़ी हुई जगह के रूप में जाना जाता है । एआइ विद्या सेतुहैकथॉन 1.0 केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा आयोजित भारत का पहला राष्ट्रीय स्तर का हैकथॉन है, जो कक्षा 8 से 12 तक के छात्रों के लिए बनाया गया है। इसका मुख्य लक्ष्य छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसी उभरती तकनीकों का उपयोग करके वास्तविक दुनिया की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए सशक्त बनाना है । यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों के अनुरूप है।
हैकथॉन तीन चरणों में आयोजित किया गया था
फाउंडेशन और एडवांस्ड बूटकैंप – छात्रों को कोडिंग, डेटा स्ट्रक्चर्स और एआइकॉन्सेप्ट्स सिखाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण।
क्षेत्रीय और जोनल दौर – दिसंबर 2025 में विभिन्न क्षेत्रों में जोनल राउंड आयोजित किए गए, जहाँ चुनी गई टीमों ने अपने नवाचार पेश किए।
नेशनल फिनाले – इसका भव्य समापन 8 से 9 जनवरी 2026 को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय नंबर 2, दिल्ली कैंट में हुआ। नेशनल फिनाले में भोपाल रीजन से पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय बड़वानी की टीम शामिल हुई । जिसमें विद्यालय की कक्षा 11वीं विज्ञान के तीन विद्यार्थियों श्री आदिश जैन, श्री नमन ठाकुर और कुमारी ग्रेसी गुप्ता की तीन सदस्यीय टीम शामिल हुई । टीम के साथ मेंटर के रूप में सुश्री आभा जैन और अनुरक्षक के रूप में हिमांशु चौहान साथ थे ।
टीम ने इस राष्ट्रीय मंच पर एक उच्च तकनीक वाला एप्लीकेशन विकसित किया है, जिसका मुख्य उद्देश्य उन छात्रों की मदद करना है जो बहुत दूर-दराज के क्षेत्रों में रहते हैं और जिनके पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। यह एप्लीकेशन ऑफ़लाइन काम करता है और छात्रों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है, ताकि किसी भी समय इसका उपयोग किया जा सके।
एप्लीकेशन की प्रमुख विशेषताएँ हैं
प्रदर्शन रिकॉर्ड ट्रैकिंग ।
विभिन्न कठिनाई स्तर के मॉक टेस्ट।
तैयारी गाइडेंस और काउंसिलिंग।
मार्केट प्लेस और 24Û7 हेल्पलाइन ।
भविष्य में और अधिक फीचर्स जोड़ने की संभावना है ।
टीम के सदस्यों ने अपनी सफलता में प्राचार्य श्री कुन्दन राठौर और विद्यालय के सभी शिक्षकों का विशेष योगदान माना। प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरित करना और मेंटोर आभा जैन एवं हिमांशु चौहान का हर राउंड में मार्गदर्शन इस उपलब्धि के पीछे मुख्य कारण रहे। केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल संभाग की सहायक आयुक्त सुश्री किरण मिश्रा टीम और टीम के प्रेरक विद्यालय परिवार को बधाइयाँ प्रेषित की है। इस उपलब्धि से न केवल केंद्रीय विद्यालय बड़वानी बल्कि केंद्रीय विद्यालय संगठन क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के लिए भी यह गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण बन गया। सभी सदस्यों और शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय और क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी उत्साहजनक उदाहरण है।
बड़वानी/संजय बामनिया की रिपोर्ट

