नकली करेंसी के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई 2 गिरफ्तार, 98 नकली नोट व प्रिंटर जप्त
बड़वानी। जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं अपराधियों की धरपकड़ हेतु पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री जगदीश डावर द्वारा निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राजपुर श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पलसूद निरीक्षक श्री सुखलाल भंवर द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी क्रम में पुख्ता मुखबिर सूचना पर पलसूद पुलिस द्वारा मटली की ओर से आ रही एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन को घेराबंदी कर रोका गया,जिसमें सवार 1- भागीराम पिता हमरिया कनोज, जाति बारेला, उम्र 28 वर्ष, निवासी मटली पलसूद तथा 2- गोविंद पिता सुवालाल बांडोड, जाति बारेला, उम्र 19 वर्ष, निवासी हीरकराय थाना सिलावद को पकड़ा गया। विधिवत तलाशी के दौरान भागीराम कनोजे की पेंट से 500-500 रुपये के कुल 48 नकली नोट तथा गोविंद बांडोड की तलाशी में 500-500 रुपये के कुल 50 नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ पर भागीराम द्वारा बताया गया कि उसकी सिलावद में कियोस्क सेंटर है, जहां रंगीन प्रिंटर स्कैनर से 500 रुपये के नकली नोट बनाए गए थे, जिनका उपयोग करने वह जा रहा था। इसके पश्चात आरोपी भागीराम की निशानदेही पर सिलावद स्थित कियोस्क सेंटर पहुंचकर जिन ₹500 के असली नोटों की फोटो कॉपी कर नकली नोट तैयार किए गए थे, उन 500 रुपये के कुल 08 असली नोट, ₹100 के 08 असली नोट, एक HP कंपनी का रंगीन प्रिंटर स्कैनर, एक कैंची एवं एक टेप जप्त किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 500-500 रुपये के 98 नकली नोट जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना पलसूद में अपराध क्रमांक 11/2026 धारा 179, 180, 181 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी पलसूद निरीक्षक सुखलाल भंवर, उनि राजेंद्र सोलंकी, सउनि जगदीश कलमे, सउनि सचिन ठाकुर, प्रआर सुनील धुर्वे, प्रआर.मोहन गणावा, आरक्षक रवि कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
बड़वानी/संजय बामनिया की रिपोर्ट

