स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारी शुरू: नगर परिषद द्वारा स्कूल–कॉलेजों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक को लेकर किया जागरूक
पानसेमल।नगर परिषद ने नई स्वच्छता टूल किट जारी होते ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारी प्रारंभ कर दी है। इसी क्रम में स्वच्छता में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।इन गतिविधियों के अंतर्गत विद्यार्थियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, इसके कारण होने वाले पर्यावरण प्रदूषण एवं जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर लगे प्रतिबंध, नियमों एवं वैकल्पिक पर्यावरण-अनुकूल साधनों जैसे – कपड़े का थेला,कागज के पैकेट का उपयोग के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर पोस्टर प्रदर्शन,संवाद एवं शपथ जैसे माध्यमों से विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान से जोड़ा गया और उन्हें अपने परिवार व समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों की सहभागिता से ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।नगर परिषद पानसेमल की यह पहल नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसी प्रकार की विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाएंगी, जिससे स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।
पानसेमल/सतीश केवट की रिपोर्ट

