संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन
बड़वानी – उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत दिनांक 26 नवंबर 2025 को भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय पाटी में संविधान दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. परवेज मोहम्मद के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान से परिचय कराते हुए भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. जय न्यावत ने भारतीय संविधान के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि भारतीय विज्ञान एवं ज्ञान परंपरा का गौरवशाली उत्सव है, जो न्याय, समानता एवं स्वतंत्रता के मूल्यों का परिचायक है।
कार्यक्रम के दौरान संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रश्न मंच, भाषण एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया तथा संविधान संबंधी तथ्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी गहन समझ का प्रदर्शन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. परवेज मोहम्मद ने भारतीय संविधान के सामाजिक परिप्रेक्ष्य पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान एक ऐसे समाज के निर्माण की परिकल्पना करता है जो सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय पर आधारित हो। संविधान स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को व्यवहार में लाकर राष्ट्र को सशक्त बनाने का मार्गदर्शन करता है।
कार्यक्रम में डॉ. मंशाराम बघेल ने संविधान के आधारभूत सिद्धांतो को रेखांकित करते हुवे कहा कि आज हमारा लोकतंत्र, हमारी विविधता वाली संस्कृति, राष्ट्र की एकता और अखंडता की जड़े संविधान के कारण ही मजबूती से जमी हुई है। प्रो राजू ओसारी ने भारतीय संविधान के आर्थिक परिप्रेक्ष्य को विस्तारपूर्वक समझाते हुए संविधान में निहित आर्थिक न्याय और लोक कल्याण के मूल्यों को बताया। कार्यक्रम के समापन में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया, डॉ. भरतसिंह चौहान ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रो दिनेश ब्राह्मणे ने प्रश्न मंच, भाषण प्रतियोगिता सहित कार्यक्रम का संचालन किया। महाविद्यालय के जगदीश, विक्रम, कनसिंह, सखाराम ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

