राष्ट्रीय सेवा योजना का राष्ट्रीय साहसिक शिविर,मनाली (हिमाचल प्रदेश) में हुआ आयोजित,महाविद्यालय के छात्र ने की सहभागिता।
पानसेमल।श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय महाविद्यालय,के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवक भारत छतरसिंह पटेल (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने दिनांक 5 नवंबर से 14 नवंबर 2025 तक मनाली, हिमाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय साहसिक शिविर में सफलतापूर्वक सहभागिता की।
भारत पटेल के शिविर से लौटने पर महाविद्यालय में उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य प्रो. संगीता भंडारी, बीएमओ डॉ. राजेश ढोले, एमओ डॉ.सादिक तिगोले, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मंजुला चौहान, डॉ. निशा वास्कले, प्रो. वंदना यादव एएनएम कमली मेहता एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया।इस अवसर पर भारत पटेल ने अपने शिविर अनुभव साझा करते हुए बताया कि शिविर की शुरुआत प्रतिदिन प्रातः व्यायाम, योग एवं रनिंग से होती थी, जिससे प्रतिभागियों में ऊर्जा, अनुशासन और टीम भावना का विकास हुआ। स्वयंसेवकों को रॉक क्लाइम्बिंग का विस्तृत व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें हेलमेट, सीट हार्नेस, क्लाइम्बिंग रोप तथा कैराबिनर जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के उपयोग की जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई तथा सभी स्वयंसेवकों को नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया। प्रशिक्षकों और स्थानीय स्टाफ का व्यवहार अत्यंत सहयोगी, प्रेरक और अनुकरणीय रहा। भोजन व्यवस्था भी उत्कृष्ट रही, जिसमें प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।
सांध्यकालीन सत्र में स्वयंसेवकों को रस्सी की विभिन्न गाँठें बाँधने का प्रशिक्षण दिया गया, जो पर्वतारोहण एवं आपदा प्रबंधन गतिविधियों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।शिविर के अंत तक सभी स्वयंसेवकों में साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। यह शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय सेवा भावना को सुदृढ़ करने वाला अत्यंत सफल आयोजन सिद्ध हुआ।
पानसेमल/सतीश केवट

