DM ने जनसुनवाई में सुनीं 66 आवेदकों की समस्याएं
अधिकारियों को निराकरण के सख्त निर्देश दिए।
बड़वानी।आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रशासन की जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से प्रति मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया जाता हैं। कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने मंगलवार जिलेभर से आए 66 नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई का मूल उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि पीड़ित को धरातल पर न्याय दिलाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में किया जाए और यह सुनिश्चित हो कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँचे।
1.प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त न मिलने पर महिला ने दिया जनसुनवाई में आवेदन
ग्राम कसरावद निवासी श्रीमती मायाबाई ने जनसुनवाई में कलेक्टर से प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त दिलाने की गुहार लगाई है। आवेदिका का कहना है कि वे 30 साल से किराए के मकान में रह रही हैं और उन्हें योजना के तहत कुल 1.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे, जिसमें से एक साल पहले मिली 25,000 रुपये की पहली किस्त से उन्होंने मकान का निर्माण कुर्सी हाइट तक करवा लिया है। संबंधित विभाग द्वारा उन्हें पिछले एक साल से दूसरी किस्त की राशि नहीं डाली जा रही है, दूसरी किस्त न मिलने से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।इस पर जनसुनवाई कर रहे कलेक्टर ने आवेदन जनपद पंचायत सीईओ बड़वानी को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
2.पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने दिया आवेदन,ट्यूबवेल की मांग
ग्राम पंचायत सेमलेट (तहसील पाटी) के घट्टिया फल्या, ग्राम खैरवानी के ग्रामीणों ने आज कलेक्ट्रेट में पेयजल संकट को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि उनके फलिए में पानी का कोई साधन नहीं है, जिसके कारण लगभग 45 परिवारों को पहाड़ी रास्तों से 2 किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ता है। इससे गर्भवती महिलाओं, बच्चों और पशुओं को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आगामी गर्मी को देखते हुए तत्काल ट्यूबवेल या नलकूप खनन की मांग की है।कलेक्टर ने आवेदन को पीएचई विभाग को उचित कार्यवाही हेतु भेजा है।कार्यपालन यंत्री ने बताया कि क्षेत्र में घर दूर-दूर होने के कारण भौगोलिक स्थिति चुनौतीपूर्ण है। समस्या के समाधान हेतु विभाग द्वारा प्रस्ताव स्वीकृति के लिए वरिष्ठ कार्यालय भेज दिया गया है। निर्देश प्राप्त होते ही क्षेत्र में पानी की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
3.शॉर्ट सर्किट से घर जलने और पशुओं की मृत्यु पर महिला ने मांगी सहायता
ग्राम मंदिल (सेंधवा) की निवासी श्रीमती सुनीबाई ने आज जनसुनवाई में कलेक्टर से मुआवजे की मांग की है। आवेदिका के अनुसार, 1 जून 2025 को बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने से उनके मकान में आग लग गई थी, जिससे घर पूरी तरह जल गया और उनके मवेशियों की भी मौत हो गई। पूर्व में तहसील और विद्युत विभाग में आवेदन देने के बाद भी कोई सहायता न मिलने पर उन्होंने आज पुनःगुहार लगाई है। कलेक्टर कार्यालय ने इस प्रकरण को जांच हेतु तहसीलदार सेंधवा को प्रेषित किया है।
बड़वानी/संजय बामनिया की रिपोर्ट

